पंच तत्व में विलीन हुए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता, बड़े बेटे ने दी मुखाग्नि


ऋषिकेश : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का आज विधि विधान के साथ अंतिम क्रिया संस्कार किया गया , उनके बड़े बेटे मानेन्द्र सिंह ने मुखाग्नि दी। इस मौके पर उनके पुत्र शैलेन्द्र सिंह व कनिष्ठ पुत्र महेंद्र सिंह सहित परिवार व गांव के लोग भी मौजूद रहे।फूलचट्टी स्थित गंगा घाट पर आज सुबह नौ बजकर 10 मिनट पर स्व. आनंद सिंह बिष्ट का पार्थिव शरीर लाया गया। यहां मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, मदन कौशिक, धन सिंह रावत, संगठन मंत्री अजेय, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से एडिशनल कमिश्नर सौम्या श्रीवास्तव, ओएसडी सीएम उत्तर प्रदेश राज भूषण सहित कई लोगों ने स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित की। आनंद सिंह बिष्ट के निधन की सूचना के बाद से पंचूर सहित आसपास के गांव शोक में डूब गए। देर रात को उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत भी पंचूर पहुंच गए। बता दें कि एम्स दिल्ली में पिछले एक माह से भर्ती योगी आदित्यनाथ के पिता 89 वर्षीय आनंद सिंह बिष्ट का सोमवार सुबह निधन हो गया था। एम्स दिल्ली से विशेष एंबुलेंस से उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पंचूर, यमकेश्वर के लिए रवाना किया गया। कोटद्वार के रास्ते पार्थिव शरीर शाम करीब सवा सात बजे उनके पैतृक आवास पर पहुंचा। वहां पहले से ही गांव के लोग और संगे संबंधी मौजूद थे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत उनके चार बेटे और तीन पुत्रियां हैं। सबसे बड़ी तीन बेटियां पुष्पा देवी, कौशिल्या देवी और शशि देवी हैं। इसके बाद बड़ा बेटा मानवेंद्र सिंह है। दूसरे नंबर पर योगी आदित्यनाथ (अजय मोहन सिंह बिष्ट) हैं। तीसरे बेटे शैलेंद्र मोहन भारतीय सेना में सूबेदार के पद पर सेवारत हैं। चौथा सबसे छोटा पुत्र महेंद्र बिष्ट पत्रकारिता में है।